खेकड़ा (बागपत)।
पुलिस अधीक्षक ने खेकड़ा थाने में सर्किल के प्रभारी निरीक्षकों के साथ बैठक कर क्षेत्र में लूटपाट की वारदात करने वाले बदमाशों को सलाखों के पीछे डालने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
क्षेत्र के बड़ागांव मार्ग पर 20 दिसंबर की रात्रि में करीब नौ बदमाशों ने ग्राम चमरावल निवासी युवक ब्टिटू व इसी गांव के युवक पंकज के साथ लूटपाट की। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों युवकों को गोली मारकर घायल किया। तभी से थाना पुलिस और सर्विलांस एवं स्वाट टीम क्षेत्र में बदमाशों की तलाश में जुटी है, लेकिन पुलिस अभी तक खाली हाथ है। सोमवार की देर रात्रि में पुलिस ने गाजियाबाद निवासी एक युवक को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस उक्त युवक से पूछताछ करने में जुटी है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक बागपत शैलेष कुमार पांडेय और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने खेकड़ा थाने में पहुंचे और खेकड़ा सर्किल के थानों के प्रभारी निरीक्षकों के साथ बैठक की। इस मौके पर एसपी ने पुलिस कर्मियों को जल्द बदमाशों का सुराग लगा उन्हें सलाखों के पीछे डालने के कडे़ निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस कर्मी मौजूद रहे।