बागपत। अमर उजाला फाउंडेशन की अनूठी पहल अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स के तहत श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज बागपत में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजना शर्मा ने कहा कि तन और मन की स्वच्छता जरूरी हैं। दिनचर्या में छोटी छोटी बातों का ख्याल रखकर स्वास्थ्य लाभ उठाया जा सकता है। छात्राएं दिनचर्या को अनुशासित रखें। खेलकूद में हिस्सा जरूर लें। जंक फूड खाने से बचें और खानपान में ऐसी चीजों का प्रयोग करें, इससे शरीर को ऊर्जा मिले। खाने में गुणवत्ता जरूरी है। पौष्टिक आहार लें, ताजा भोजन खाएं। आंख, नाक और कान समेत शरीर की अन्य समस्याओं को अनदेखा न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। माता-पिता से दोस्ताना व्यवहार रखें, समस्याओं और सुझावों को शेयर जरूर करें। महिला रोग और उनके निदान की जानकारियां दी गई। कैंप का शुभारंभ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजना शर्मा और श्री जैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार शर्मा ने किया। इसमें अर्चना जैन, रजनी जैन, शालिनी जैन, राजेंद्र कुमार, कपिल देव स्वामी मौजूद रहे।
रोज करें योग और व्यायाम
बागपत। डॉ. अंजना शर्मा ने छात्राओं से आह्वान किया कि वह रोज योग और व्यायाम के लिए आधा या एक घंटे का समय जरूर निकाले। जिस योग की पूरी जानकारी हो, उसे ही करें। धीरे-धीरे सीखें, जिससे कुछ ही दिन में परिवर्तन महसूस होगा। पर्याप्त नींद लेनी चाहिए। खाने में मौसम फल, सब्जियों का सेवन करें।
स्ट्रीट फूड या जंक फूड खाने से बचें
बागपत। छात्राओं से कहा कि स्ट्रीट फूड, जंक फूड खाने से बचना चाहिए। मोमोज जैसे सस्ते फूड से बीमारियां आसानी से मिलती है। यह सस्ते होते हैं और इनमें गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा जाता। मोमोज में मैदे का प्रयोग किया जाता है और इनसे शरीर में शुगर का स्तर बढ़ जाता है। इसी तरह अन्य जंक फूड से भी नुकसान होता है।
क्या बोली छात्राएं
छात्रा गुलफशां ने कहा कि निरोगी रहने के विषय में जानकारी मिली। दिन चर्या और खानपान के विषय में बताया गया।
छात्रा सोनिया ने कहा कि दिन चर्या में योग और खेलकूद को शामिल करना चाहिए। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
छात्रा गीता ने कहा कि जंक फूड से बचाव की जानकारी लाभप्रद रही। छात्राओं को जागरूक रहना चाहिए।
छात्रा काजल ने कहा कि मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। इससे बीमारियां दूर होंगी और शरीर स्वस्थ रहता है।
छात्रा साक्षी ने कहा कि पौष्टिक आहार के विषय में जानकारी मिली। मौसम के अनुसार खानपान में परिवर्तन जरूरी है।
छात्रा अरसी ने कहा कि पर्याप्त नींद लेनी चाहिए और खानपान का ध्यान रखना चाहिए। कैंप से उपयोगी जानकारी मिली।
छात्रा कुलसुम का कहना है कि छात्राओं को रोज व्यायाम करना चाहिए। शिक्षा पर ध्यान लगाना चाहिए।
छात्रा खुशबू ने कहा कि नियमित और अनुशासित दिन चर्या से बीमारियां दूर होती है। पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए।
छात्रा शुएबा ने कहा कि फास्ट फूड से बीमारियां फैलती है। मौसम फलों का सेवन करना चाहिए। कैंप उपयोगी रहा।
छात्रा शिफा ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता कैंप में उपयोगी जानकारियां दी गई। नियमित व्यायाम करना चाहिए।
छात्राओं ने दिए सवालों के जवाब
श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज में डॉ. अंजना शर्मा ने छात्राओं से कई सवाल किए। इनमें छात्राओं ने सही जवाब दिए। डॉक्टर ने छात्राओं से कहा कि वह शिक्षा के दम पर ही आसमान छू सकती है। नियमित पढ़ाई करें।