बड़ौत (बागपत)। रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित श्री दुर्गा मंदिर में रविवार को ब्राह्मण कल्याण एकता समिति की बैठक में फूंसवाली मस्जिद पर हुई पंचायत में सीओ को धमकी देने की निंदा की और सीओ को धमकाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। निर्णय लिया यदि सीओ को धमकी देने वाले के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती तो आगामी बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता पं. राजकुमार शर्मा ने की। संचालन पं. आकाश भारद्वाज ने किया। ब्राह्मण कल्याण एकता समिति के नगर अध्यक्ष मन्नू तिवारी ने कहा कि फूंसवाली मस्जिद पर हुई पंचायत में जिस तरह मृतक शाकिब के पिता अनीस कुरैशी ने सीओ रामानंद कुशवाहा को धमकी दी, वह बहुत ही शर्मनाक है। सीओ रामानंद कुशवाहा एक ईमानदार व कर्मठ पुलिस अधिकारी हैं, लेकिन पंचायत में सीओ को धमकी देकर क्षेत्र की फिजा बिगाड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि सीओ को धमकी देने वाले अनीस कुरैशी को जिन सफेदपोश नेताओं ने उकसाया, उन्हें भी चिह्नित कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो समिति की आगामी बैठक में आंदोलन शुरू करने की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में प्रमोद शर्मा, रवि, पवन, विनय, आकाश, अमित, विकास, ललित, कपिल, अजय, सचिन आदि शामिल रहे।
उधर, बड़ौत मोबाइल एसोसिएशन की बैठक अध्यक्ष अनिल कुमार जैन व महामंत्री मुदिन जैन के संचालन मेें हुई। बैठक में सीओ को धमकी देने की निंदा की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसमें राजीव गुप्ता, मयंक जैन, संयम जैन, अक्षय जैन, अजय कश्यप, राहुल, रविंद्र, राहुल, सम्यक, आशीष, दिनेश, मोनू जैन, गौरव जैन आदि रहे।