बागपत। ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को तीन सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन में प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांध कर विरोध जताया और डीपीआरओ को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार को ग्राम विकास और ग्राम पंचायत अधिकारी विकास भवन पहुंचे। तीन सूत्रीय मांग पूरी न होने पर हंगामा किया। नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया। जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पिछले काफी समय से संगठन तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शासन और सरकार से मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मुख्य मांगे हैं ग्रेड-पे 28 सौ, समय से पदोन्नति दिलाने और योग्यता के आधार पर नियुक्ति है। कहा कि प्रदेश सरकार लगातार उनका उत्पीड़न कर रही है, इसे सहन नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही उनकी मांगे पूरी नहीं होती है तो वह कार्य बहिष्कार करके आंदोलन करेंगे। उन्होंने मांगों को लेकर ज्ञापन डीपीआरओ को सौंपा। इसमें गंगाराम, प्रेम कुमार, केसी शर्मा, इमरान, अजय शर्मा, प्रवेन्द्र कुमार, सुनील बंसल, लोकपाल सिंह, जोनी चौधरी, कृष्ण तोमर आदि रहे।