बड़ौत (बागपत)।
मलकपुर बड़ौत के बीच थ्री व्हीलर और ट्रक में टक्कर हो गई। इससे थ्री व्हीलर में बीए तृतीय साल की परीक्षा देकर लौट रही तीन छात्राएं घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पीटा, लेकिन चालक लोगों को चकमा देकर भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लिया। लोगों ने तीनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार को शाम के समय कालंदी कॉलेज मलकपुर से एक थ्री व्हीलर सवारी लेकर बड़ौत आ रहा था। जब वह बड़ौत मलकपुर के बीच पहुँचा तो बड़ौत से जा रहे ट्रक ने थ्री व्हीलर में टक्कर मार दी । इससे थ्री व्हीलर में सवार यात्रियों और कालंदी कॉलेज से बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा देकर बड़ौत लौट रही छात्राओं की चीखें निकलने लगी, यात्रियों की आवाज सुनकर लोग उधर दौडे़। कुछ लोग थ्री व्हीलर में से घायलों को निकालने में जुट गए और कुछ लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पीटा, लेकिन चालक लोगों को चकमा देकर भाग गया। घायलों में छात्रा प्रियंका पुत्री श्यामलाल निवासी बाबली, आशमा पुत्री नवाब और सिमरन पुत्री सोहनलाल आवास विकास बड़ौत की हालत गंभीर है । लोगों ने तीनों छात्राओं को बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन भी संबंधित अस्पताल में पहुंचे। पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने का काम शुरू कर दिया।