बागपत। विभिन्न मार्गों पर शाम के समय रोडवेज बसें नहीं मिलती। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने नियमित बसों का संचालन कराने की मांग की।
रोडवेज बसों के टोटे के कारण अधिकांश मार्गों पर डग्गामार वाहन संचालक सक्रिय हो गए हैं। इससे एक ओर जहां रोडवेज को हर माह राजस्व नुकसान हो रहा है, वहीं यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन की अगर बात करें तो दो-चार बसें लोगों को आवागमन के लिए मिल जाती है, लेकिन शाम होते ही बसें मार्गों से गायब हो जाती है। देर रात तक लोग सड़क और बस स्टैंड पर खडे़ होकर बसों का इंतजार करते रहे हैं, लेकिन बस सुविधा नहीं मिल पाती है। बागपत-बड़ौत, बड़ौत-छपरौली, बड़ौत से अमीनगर सराय मार्ग पर बसों के संचालन की मांग की। शाम के समय बुढ़ाना जाने वाली बसें भी नहीं मिलती। बड़ौत डिपो के एआरएम सीपी कमल ने कहा यात्रियों को अधिक से अधिक बस सेवा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।