बागपत। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के युवाओं ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। मतदान का संकल्प लिया और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने कहा कि युवा शपथ लें और अपने आसपास रह रहे लोगों को भी जागरूक करें। प्रत्येक व्यक्ति का वोट करने का अधिकार है।
बृहस्पतिवार को विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राएं सदर तहसील में एकत्र हुए। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां से कोर्ट रोड होते जागरूकता रैली सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज तक पहुंची। मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। विभिन्न स्लोगन लिखी हुई पोस्टर एवं तख्तियों से जागरूकता का संदेश दिया । डीएम ने अच्छा कार्य करने वाले बच्चों को एक-एक टी-शर्ट व एक-एक कैप तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने स्कूल के बच्चों को देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । एसपीआरसी डिग्री कॉलेज में डीएम ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। हम सभी का दायित्व है कि हम अपनी भागीदारी निभाएं और हर आने वाले चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। युवा अपना मतदाता कार्ड बनवाएं और चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करें।
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने कहा कि हर भारतीय का अपने मताधिकार का प्रयोग करने का कर्तव्य है जो संविधान में हमें अधिकार मिला है उसका हमें पालन करना चाहिए और अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। इसमें एडीएम लोकपाल सिंह, एसडीएम विवेक कुमार यादव, तहसीलदार राजबहादुर, डीआईओएस पीके मिश्रा, बीएसए योगराज सिंह, डॉ अनिल कुमार मौजूद रहे।
जागरूकता रैली से जाम की स्थिति
बागपत। जागरूकता रैली के दौरान शहर में जाम की स्थिति रही। कोर्ट रोड के अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर भी जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया।
सरकारी कार्यालयों में ली शपथ
बागपत। सरकारी कार्यालयों में भी मतदान की शपथ दिलाई गई। कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि दफ्तर में मतदाता शपथ दिवस का आयोजन किया । इसमें देवेंद्र कुमार शर्मा, हरि निवास गर्ग, प्रमेंद्र कुमार, ब्रजभूषण शर्मा, कुलबीर ढाका, विपुल कुमार, प्रियंका चौधरी, विनोद कुमार, संजीव वर्मा, अभिषेक बालियान, संदीप कुमार, नीरज गिरि, सिम्मी शर्मा, हरीश शर्मा, विनय पंवार और अंकित काठा मौजूद रहे।