सरसों की फसल खराब, किसान चिंतित
बड़ौत। क्षेत्र के रंछाड़ गांव में कुछ किसानों की सरसों की फसल खराब हो गई है। किसानों ने आशंका जताई है कि अनुदान में खराब बीज के कारण फसल को नुकसान पहुंचा है जबकि कृषि विभाग के अधिकारी बीज खराब होने की स्थिति से इनकार कर रहे हैं।
रंछाड़ के प्रभावित किसानों में शामिल कृष्णपाल ने बताया कि कुछ माह पूर्व बिनौली से सरसों का बीज लिया गया था। बीज की बुवाई करने के दो माह बाद भी फसल अच्छी ढंग से अंकुरित नहीं हुई। जहां कुछ किसान सरसों के बीज को खराब बता रहे हैं, वहीं कुछ किसानों को किसी रोग के कारण फसल प्रभावित होने की आशंका है। रंछाड ही नहीं क्षेत्र के अन्य गांवों से भी इस प्रकार की शिकायत कृषि विभाग के अधिकारियों के पास पहुंचने लगी है। उधर, इस संबंध में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राजकीय बीज भंडार पर तैनात एसडीओ कृषि तेजपाल चौहान का कहना है कि कुछ शिकायतें मिली हैं। जांच कराई जा रही है। लेकिन बीज में कोई कमी नहीं थी। हो सकता है कि बुवाई के समय किसी तरह की चूक हो गई हो। जांच कराई जाएगी।