रमाला (बागपत)। मौजिजाबाद नांगल के किसान को विद्युत निगम की ओर से मोटर और अन्य उपकरण दिए जाने थे, लेकिन आज तक नहीं दिए गए। किसान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए प्रमाण पत्र को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। उसकी कोई सुनने वाला नहीं है।
मौजिजाबाद गांव निवासी किसान राजपाल शास्त्री पुत्र भागमल को 23 दिसंबर को रमाला चीनी मिल में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पांच हार्स पॉवर की मोटर और अन्य विद्युत उपकरण दिए जाने थे, लेकिन सीएम ने उन्हें मात्र प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया था। विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि कार्यक्रम के बाद सामान दिया जाएगा। अब कार्यक्रम को हुए 15 बीत चुके है, लेकिन आज तक किसान को विद्युत उपकरण नहीं दिए गए। पीड़ित किसान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए प्रमाण पत्र को लेकर विद्युत अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विद्युत अधिकारी उसे बार-बार आश्वासन देकर टरका देते है। किसान ने जिलाधिकारी से विद्युत उपकरण दिलाने की मांग की है।