बागपत। उत्तर प्रदेश कृषक ऋण मोचन योजना से जनपद के करीब 23 हजार कृषकों को फायदा होगा। पहले चरण में 5480 कृषकों को लाभ मिल चुका है। दूसरे चरण के लिए 7480 की सूची शासन को भेजी । लिस्ट फाइनल होने पर तहसील क्षेत्रों में कैंप लगाकर प्रमाणपत्र वितरण होगा।
सूबे की सरकार ने कृषक ऋण मोचन योजना से जिले के 50402 कृषकों का चयन किया। बैंक के कर्मचारी और राजस्व की टीम ने कृषकों की जांच पड़ताल की तो अपात्रों को योजना से बाहर किया। कुछ किसानों की मृत्यु हो गई, कुछ के खाते बंद हो गए । इसके बाद जिले में करीब 23 हजार पात्र मिले। पहले चरण में 5480 किसानों का कर्ज माफ किया, इसके प्रमाण पत्र प्रभारी मंत्री एसपी सिंह बघेल ने बांटे। इसके बाद विधायकों ने तहसील स्तर पर बांटे।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया दूसरे चरण में 7480 कृषकों का योजना में चयन किया। इन किसानों के सभी दस्तावेज बैंकों में पूरे हो गए हैं। सूची को शासन को भेज दी। लिस्ट के फाइनल होते ही तहसील क्षेत्र के अंतर्गत प्रमाण पत्र का वितरण होगा। उन्होंने बताया द्वितीय चरण में करीब 64 करोड़ का कर्ज माफ होगा। कैंप चार अक्तूबर को बागपत के एसपीआरसी डिग्री कॉलेज में, छह खेकड़ा के कृषि विज्ञान केंद्र और आठ को बड़ौत के जनता वैदिक इंटर कॉलेज के मैदान में लगेगा, इस दौरान प्रमाणपत्र वितरण होगा। उन्होंने बताया तीसरे चरण के लिए किसानों जांच शुरू कर दी। जल्द सूची फाइनल होगी।