-अफसरों ने 15 दिसंबर तक बसों में लाइटें लगाने का किया था दावा
फोटो संख्या 3
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोहरा पड़ने लगा है और ऐसे में सड़कों पर वाहन चलाना जोखिम भरा होता जा रहा है। इसके बावजूद रोडवेज की 90 प्रतिशत बसों पर फॉग लाइटें नहीं लगाई गई हैं। वहीं अधिकारियों ने दावा किया था कि कोहरा शुरू होने से पहले सभी बसों पर लाइटें लगाई जाएंगी।
बड़ौत डिपो से निगम की 113 व अनुबंधित 44 बसें संचालित हैं। परिवहन निगम के अधिकारियों ने दावा किया था कि 15 दिसंबर तक सभी बसों में फॉग लाइटें लगाई जाएंगी। इसके बावजूद केवल 10 फीसदी बसों में ही लाइटें लगवाई गई हैं। कुछ बसों पर रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाए गए। ऐसे में चालकों के लिए सड़कों पर बस चलाना मुश्किल हो रहा है और इससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। फॉग लाइटें लगने से कोहरे में चालकों को सड़क पर दूर तक दिखाई देता है, जिससे यात्रियों की भी सुरक्षा है। अधिकारियों की लापरवाही कभी भी यात्रियों पर भारी पड़ सकती है।
-
ठंड में कोहरे का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसे मौसम को देखते हुए रोडवेज बसों में फॉग लाइटें जरूर लगी होनी चाहिएं। बसों में फॉग लाइटें लगाए जाने से सड़क दुर्घटना की आशंका काफी कम हो जाती हैं। -बबलू
कोहरे के दौरान सड़क से गुजर रही बसें दूर से ही दिखाई दे जाएं, इसके लिए रिफ्लेक्टर लगाना भी जरूरी है। मगर रोडवेज की चुनिंदा बसों में ही रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। फॉग लाइटें भी हादसे रोकने के लिए लगानी चाहिएं।-विक्रांत
वर्जन-
कोहरे को देखते हुए बसों में फॉग लाइटें व रिफ्लेक्टर लगाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही परिवहन व अनुबंधित बसों में लाइटें लगाने का काम पूरा हो जाएगा।-हाकिम सिंह, एआरएम बड़ौत