संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। जिले की तीनों तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस लगाया गया। अधिकारी 90 शिकायतों में से मात्र 17 का ही निस्तारण कर सके। संबंधित विभागों को शिकायत सौंपते हुए 15 दिन में निस्तारण के आदेश दिए।
खेकड़ा तहसील में डीएम अस्मिता लाल, एसपी सूरज कुमार राय ने फरियादियों की समस्या को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण होना चाहिए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने 13 शिकायतों में से मात्र तीन का निस्तारण कर अन्य को संबंधित विभागों को सौंप दिया। उन्होंने राजस्व, बिजली, जल आपूर्ति, पुलिस एवं ग्राम पंचायत से संबंधित मामलों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं दिव्यांग शिविर में दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बनाए गए। बागपत तहसील में 29 शिकायतों में से आठ का निस्तारण किया गया। बड़ौत तहसील में 49 शिकायतों में से चार का निस्तारण किया गया।