बागपत। जिला अस्पताल में गर्मी से परेशान मरीजों की व्यथा अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद लायंस क्लब ने मरीजों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। क्लब ने शुक्रवार को 51 सीलिंग फैन जिला अस्पताल को देने का निर्णय लिया है। जबकि अभी तक स्वास्थ्य विभाग की प्रक्रिया फाइलों में ही है।
गर्मी से बेहाल मरीजों ने जिला अस्पताल में अपने पंखे लगवाए। अमर उजाला ने यह समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया। अग्रवाल मंडी टटीरी के समाज सेवी संस्था लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने खबर को पढ़कर मरीजों की परेशानी को महसूस कर निर्णय लिया कि जिला अस्पताल को 51 सीलिंग फैन दिए जाएंगे। इसके लिए शुक्रवार को कार्यक्रम होगा। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा को मुख्य अतिथि बनाया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक लायन अभिमन्यु गुप्ता ने बताया कि अमर उजाला ने मरीजों की परेशानी को प्रकाशित किया। शुक्रवार को लायंस क्लब 51 सीलिंग फैन दान देगा।