बागपत। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव रंजन मिश्रा की ओर से नई पहल की जा रही है। 674 परिषदीय विद्यालयों में अव्वल आने वाले मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिले के टॉप करने वाले छात्र को अन्य विद्यार्थियों के बीच में मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे छात्रों का उत्साहवर्धन किया जा सके। साथ ही समारोहपूर्वक डीएम से सभी मेधावियों को पुरस्कृत कराया जाएगा।
जिले के 674 परिषदीय विद्यालयों में गृह वार्षिक परीक्षा सम्पन्न हो गई है, जिसका परीक्षाफल भी घोषित कर दिया गया। परीक्षा में करीब 65 हजार छात्र-छात्रा सम्मिलित हुए थे। प्रत्येक विद्यालय से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा, जिनको समारोह पूर्वक सम्मानित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा ने जिले में इसकी पहल की है। समारोह में डीएम की उपस्थित में सभी अव्वल आने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत करेंगे। वहीं जिले को टॉप करने वाले छात्र या छात्राओं को मॉडल के रूप में विद्यार्थियों के बीच में लाया जाएगा। जिससे छात्रों का पढ़ाई करने के लिए उत्साह बढ़े। बीएसए ने इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। विद्यालयवार छात्रों का चयन कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें सम्मानित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव रंजन मिश्रा ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। सभी विद्यालयों से सूची तैयार कराई जा रही है। जिला टॉपर को मॉडल बनाकर छात्रों के सामने उपलब्धि को बताएंगे।