खेकड़ा (बागपत)। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का जनता को लाभ दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाभार्थियों को जन आरोग्य गोल्डन कार्ड वितरण किए। इसमें ग्राम प्रधान, नगरपालिका सभासद, बीडीसी सदस्य आदि जनप्रतिनिधियों की मदद से आंगनबाड़ी, एएनएम, आशा डोर टू डोर जाकर कार्ड वितरित कर रही हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को पांच लाख रुपये तक का इलाज कराने में मदद मिल सकेगी।
सीएचसी अधीक्षक डा. अरविंद मलिक ने बताया कि अधिकांश लाभार्थियों को गोल्डन कार्डों का वितरण हो चुका है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में लाभार्थी प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का इलाज सरकारी और चयनित प्राइवेट अस्पतालों में करा सकते हैं। साथ ही चिकित्सालय में मरीजों के इलाज के लिए आरोग्य मित्र तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आरोग्य योजना से पूर्व से चल रही बीमारियों का इलाज भी किया जाएगा। इसमें कैंसर जैसी 1350 गंभीर बीमारियां शामिल हैं। साथ ही इलाज के दौरान दवाई, एक्सरे आदि नि:शुल्क किए जाएंगे।