बड़ौत (बागपत)। विभिन्न गांवों के किसानों ने बृहस्पतिवार को सिंचाई विभाग कार्यालय कोताना रोड पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उनकी कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। किसानों का आरोप था कि एसडीओ व अवर अभियंता शासनादेश के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए मुख्यालय पर रुकने के बजाए अपने आवासों हापुड़ व मेरठ से रोजाना अप-डाउन कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को किशनपुर बिराल, कासिमपुर खेड़ी, छछरपुर व जौनमाना गांव के काफी संख्या मेेें किसान सिंचाई विभाग कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि क्षेत्र के किशनपुर रजबहे से दर्जनों गांव के सैकड़ों किसान जुडे हुए हैं, लेकिन कई माह से रजबहे की टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिस कारण किसानों को गेहूं में पानी देने को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आरोप लगाया कि जब कार्यालय पर शिकायत लेकर आते है तो यहां न एसडीओ और न ही जेई मिलते हैं। आरोप लगाया कि जेई व एसडीओ मुख्यालय पर रुकने के बजाए अपने आवासों हापुड़ व मेरठ से नौकरियां करते हैं, दोपहर तक भी कार्यालय व क्षेत्र पर नहीं पहुंचते। हंगामा बढ़ता देख अधिशासी अभियंता संजीव कुमार व जेई वीरपाल पंवार ने किसी तरह किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया। इस संबंध में अधिशासी अभियंता संजीव कुमार का कहना था कि शिकायत मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यालय पर कर्मचारियों को रुकने के आदेश दिए गए हैं। प्रदर्शन करने वालों में रमेश फौजी, रोहताश, जयकुमार, संजीव, रामकुमार, अनिल, सुबोध आदि शामिल रहे।