बागपत। यातायात पुलिस ने रविवार को भी वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने जिन बाइक सवारों के पास हेलमेट नहीं थे, उन्हें दुकान से हेलमेट खरीदकर दिए। जिन चालकों ने हेलमेट नहीं खरीदे, उनका चालान किया। जिले में 480 बाइक सवारों ने हेलमेट खरीदे। इसके अलावा 85 वाहनों से 7400 रुपये का शमन शुल्क वसूला।
रविवार को कलक्ट्रेट के बाहर एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव और सीओ यातायात दिलीप सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूकता के लिए कैंप का आयोजन किया। बगैर हेलमेट यहां से गुजर रहे बाइक चालकों को रोक-रोककर उन्हें दुकानों से हेलमेट खरीदवाए। 480 बाइक चालकों को हेलमेट रियायती दरों पर हेलमेट खरीदवाए गए। वहीं उन्हें प्रेरित किया जब भी दो पहिया वाहन चलाए बिना हेलमेट के सफर न करें। चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
यातायात प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि टीम ने वाहन चालक, मालिक को सड़क सुरक्षा के उपाय बताए । इस दौरान बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। 85 वाहनों के चालान किए और 74 सौ रुपये का शमन शुल्क वसूला। शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर भी अभियान चलाया। दो पहिया वाहन पर तीन सवारी न चले, तेज गति से वाहन न चलाए, सीट बेल्ट का इस्तेमाल, गलत दिशा से ओवरटेक, शराब पीकर वाहन न चलाए, चौराहे एवं बहु मार्ग पर यातायात संकेत का पालन करें। वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करें आदि की जानकारी दी। इस दौरान हरि कैलाश, प्रहलाद, इंद्राज, श्यामवीर आदि का सहयोग रहा।