बागपत। अल्पसंख्यक विभाग की नेशनल स्कॉलरशिप योजना को जिला स्तर पर पलीता लग रहा है। न तो शिक्षा विभाग इस पर कोई ध्यान दे रहा है और न ही अल्पसंख्यक विभाग। जागरूकता के अभाव में ज्यादातर छात्र-छात्राएं इसके लिए आवेदन नहीं करते। एक-दो ही छात्र इसके लिए आवेदन कर पाते हैं। उन्हें भी कागजी कार्रवाई में बाहर कर दिया जाता है।
सरकार की जनहित योजनाएं जागरूकता के अभाव में दम तोड़ रही है। पात्रों का तक लाभ नहीं पहुंच रहा है। अल्पसंख्यक विभाग की ओर से नेशनल स्कॉलरशिप योजना संचालित है। जिसका न तो प्रचार-प्रसार किया जाता है और न इसके लिए छात्रों को आवेदन करने के लिए जागरूक किया जाता है। इस कारण योजना जिले में परवान नहीं चढ़ रही है। आवेदन के लिए शासन से 31 अक्तूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। अभी तक इक्का-दुक्का छात्र-छात्राओं ने इसके लिए आवेदन किया है। फिलहाल योजना जिले में पूरी तरह धड़ाम है। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद तारीक ने कहा कि विभाग की ओर से डीआईओएस को योजना के बारे में अवगत कराया गया है। उनके माध्यम से स्कूलों में प्रचार-प्रसार होगा। उनकी ओर से ही छात्रों को जागरूक किया जाएगा। उधर डीआईओएस बृजेंद्र कुमार ने कहा कि जो भी योजना का पत्र उन्हें मिलता है इसके लिए पत्र प्रत्येक विद्यालय को भेज दिया जाता है। छात्रों को एक ही तरह की छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकता है। अलग-अलग छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। अल्पसंख्यक विभाग को भी चाहिए की वह स्कूलों में जाकर सेमिनार आयोजित करें और योजना के बारे में बताए।
प्री, पोस्ट और मेरिट कम-मींस के लिए है निर्धारित
बागपत। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद तारीक ने बताया कि नेशनल स्कॉलशिप योजना कक्षा प्री मैट्रिक (8 से 10), पोस्ट मैट्रिक (11), मेरिट कम-मीन्स (डिग्री तक) के लिए योजना संचालित है। जिसमें प्री मैट्रिक के लिए एक हजार, पोस्ट मैट्रिक के लिए चार हजार और मेरिट कम-मीन्स के लिए छह से 14 हजार रुपये तक सालाना स्लॉकशिप देने का प्रावधान है।
अल्पसंख्यक अधिकारी को दिए प्रचार-प्रसार के निर्देश
बागपत। अल्पसंख्यक विभाग के संयुक्त निदेशक आरपी सिंह ने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया है। योजना के ऑनलाइन आवेदनों के लिए प्रचार-प्रसार के निर्देशित किया है। होर्डिंग, विज्ञापन, रेडियो के माध्यम से छात्रों को जागरूक करने और डीआईओएस, बीएसए का सहयोग लेकर आवेदन के लिए निर्देश दिए हैं।