बड़ौत (बागपत)।
राशन कार्ड काटे जाने के विरोध में सोमवार को गुराना गांव के ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने आपूर्ति कार्यालय पर तालाबंदी का भी प्रयास किया। बाद में ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को काफी संख्या में महिलाएं और पुरुष प्रधान रणधीर के नेतृत्व में तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रधान रणधीर का कहना था कि करीब एक साल से गांव के कार्ड धारकों को राशन कार्ड काटे जाने के कारण राशन डीलर द्वारा राशन नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि राशन डीलर व आपूर्ति कार्यालय पर तीन-तीन बार आधार कार्ड जमा करने के बावजूद राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इससे कार्डधारकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित राशन कार्डधारकों ने आपूर्ति कार्यालय पर तालाबंदी का प्रयास किया। बाद मेें एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की। इनमेें राजीव, रणधीर सिंह, धर्मेंद्र, तनवीर, आबिद, जमील, शबाना, मुन्ना, रुखसाना, महरूम, शौकीन, आसमां आदि रहे।