दाहा (बागपत)। शाहजहांपुर गांव की प्राथमिक पाठशाला में मुस्लिम समाज के लोगों की बैठक हुई, जिसमें ईद के पाक दिन सेना के जवानों पर पथराव पर रोष प्रकट किया और पत्थरबाजों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में जम्मू-कश्मीर सरकार को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की गई।
बैठक में ग्राम प्रधान के पति जमशेद ने कहा कि हम फिरकापरस्त ताकतों को देश में हावी नहीं होने देंगे। कश्मीर में जो हालत हैं, इसकी जिम्मेदार वहां की सरकार है। केंद्र और राज्य की सरकार की नाकामी के कारण सेना के मनोबल को गिराया जा रहा है। इससे आतंकवाद को भी बढ़ावा मिल रहा है। पथराव करने वालों से निपटने के लिए सेना को खुली छूट देनी चाहिए तभी इस समस्या का निपटा हो सकता है। ईद के दिन जो काम पत्थरबाजों ने किया इससे साफ है कि वे सच्चे हिंदुस्तानी नहीं है। कश्मीर सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए। सैनिकों पर किए मुकदमे वापस होने के साथ पत्थरबाजों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। अध्यक्षता पूर्व प्रधान इस्लामुद्दीन ने की। इस दौरान जमील ठेकेदार, बाबू खां, खालिद, लियाकत, नवीश, जहीर हसन, सलीम, अंसार, खसीटा, पूर्व प्रधान वहिद, नईम, इस्तियाक मौजूद रहे।
सेना पर हमले की कठोर निंदा
बागपत। हिंदू युवा वाहिनी की बैठक पक्का घाट मंदिर में हुई। सेना पर पत्थरबाजों द्वारा किए जा रहे हमले की कठोर शब्दों में निंदा की। सरकार से सख्त कदम उठाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष नितिन चौधरी ने संगठन के कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की नीति और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला संगठन मंत्री भवि कश्यप, जिला महामंत्री प्रदीप पाबला, जिला उपाध्यक्ष अमित लोहड्डा, जिला मीडिया प्रभारी मोहित चौधरी, अमित सिंह, दीपक शर्मा, अक्षय सिंह, अंकित लौहड्डा, शिवम, गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।