बड़ौत (बागपत)।
नगर के स्कूल और कॉलेजों में मंगलवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का शहादत दिवस मनाया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा युवा आजाद के जीवन से प्रेरणा लें।
जेपी पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर गौरव शर्मा और शरण शर्मा ने किया। उन्होंने बच्चों को चंद्रशेखर आजाद के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डायरेक्टर ने बच्चों से होली का त्योहार शांतिपूर्ण और प्रेम भावना से मनाने की अपील की।
वनस्थली पब्लिक स्कूल में प्रबंध समिति के आशीष जैन, हर्षित जैन, संजय जैन, रोहित जैन ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आशीष जैन ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने देश को आजाद कराने के लिए अनेक संघर्ष किए। हर्षित जैन ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने कई अंग्रेज पुलिस अधिकारियों को मौत के घाट उतारकर देश के युवाओं के अंदर देशप्रेम की भावना पैदा की।
मिनर्वा पब्लिक स्कूल आदर्श नंगला मेें डायरेक्टर पुनीत कुमार, प्रबंधक सत्यपाल, उपप्रधानाचार्य अरुण तोमर ने बच्चों को देश के लिए शहीद हुए देशभक्तों से प्रेरणा लेकर उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में अध्यापक प्रशिक्षण विभाग में भी चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह, प्रो. डॉ. महेश कुमार मुछाल और डॉ. किरण गर्ग ने बच्चों को शहीदों के जीवन से प्रेेरणा लेने का आह्वान किया। इसमें पूजा, मनोज, रविश, कनिका, रविंद्र, साक्षी, प्रिंसी, विप्रा, सांची आदि का योगदान रहा।