बागपत। मेरठ रोड पर नया गांव हमीदाबाद में गड्ढे होने से लोग परेशान हैं। चीनी मिल ने पहल कर गड्ढे भरवाने का काम किया, लेकिन आंशिक ही समाधान हो सका है। ग्रामीणों ने कहा जनप्रतिनिधियों को सड़क के गड्ढों को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह और विधायक योगेश धामा से मिलकर सड़क के गड्ढे भरवाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को जनसमस्याएं हल कराने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा सड़क के गड्ढों को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नहीं है। सड़क पर गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। गड्ढे होने आए दिन दोपहिया चालक घायल हो रहे हैं। कार भी काफी क्षतिग्रस्त हो रही है।
ग्रामीण विनय चौहान का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व गांव की समस्याओं में शामिल होने का भी है। समस्या के समाधान के लिए जल्द ही गांव के लोग केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह और क्षेत्र के विधायक योगेश धामा से मिलेंगे।
महिला मुनेश का कहना है कि जनप्रतिनिधि गांव की उपेक्षा कर रहे हैं, इस कारण समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों को खाना खाने तक में परेशानी होती है। लोग बीमार हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन अंजान बना हुआ है।
ग्रामीण यामीन कहते हैं कि जनप्रतिनिधियों को जल्द ही गांव में बुलाकर समस्या से अवगत कराया जाएगा। दिखाया जाएगा, कि समस्या कितनी भयंकर हो चुकी है। गांव के लोग क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे और समस्या बताएंगे।
ग्रामीण कृष्णपाल का कहना है कि प्रशासन अनदेखी कर रहा है। सड़क के निर्माण और गड्ढे भरवाने में किसी की कोई रुचि नहीं है, सड़कों में गड्ढे होने से हर वर्ग परेशान है।