चार माह से सिक्योरिटी गार्ड को नहीं मिला वेतन
बड़ौत। बावली गांव स्थित एसईडब्ल्यू कंपनी के प्लांट में तैनात सिक्योरिटी गार्ड को चार माह से वेतन नहीं मिल रहा है। वे आर्थिक तंगी झेल रहे है। उन्होंने डेबोनेर सिक्योरिटी सर्विस एंटरप्राइस के एमडी विनोद कुमार को ज्ञापन देकर वेतन दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वे बावली गांव स्थित एसईडब्लू कंपनी के प्लांट पर सिक्योरिटी गार्ड हैं। कंपनी ने उन्हें चार माह से वेतन नहीं दिया है। आरोप है कि बार-बार वादों के बावजूद उनका वेतन लटकाया जा रहा है। गार्डों के मुताबिक कंपनी के प्लांट में बड़ी घास खड़ी है। जंगली जानवर और जहरीले जीव जंतु रहते हैं। रात में लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में किसी भी सिक्योरिटी गार्ड के साथ कोई भी घटना घट सकती है। कंपनी का कोई भी कर्मचारी वहां पर नहीं रहता है। उन्होने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उन्हे वेतन नहीं दिया गया तो वे अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठ जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में धर्मेन्द्र राठी, सुनील कुमार, ओमवीर, वीरेंद्र शर्मा, बासिद अली, नवाब, धर्मेन्द्र नैन, राजेंद्र, मुकेश शर्मा, रघुनाथ, सतेंद्र कुमार, गौतम, राजवीर सिंह आदि शामिल रहे।