बड़ौत (बागपत)।
किसानों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को गन्ना उपायुक्त मेरठ से मिला। उन्होंने बकाया गन्ना भुगतान, रिजेक्ट प्रजाति की सप्लाई, इंडेंट बढ़ाने और किनौनी मिल द्वारा किसानों का बकाया भुगतान कराने की मांग की। उपायुक्त ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
गन्ना उपायुक्त मेरठ को किसानों ने बताया कि मिलों पर किसानों का पिछले वर्ष का गन्ना भुगतान बकाया है। इससे किसान परेशान हैं। कोई अपने बच्चों की फीस नहीं जमा कर पा रहा तो किसी किसान के बेटे या बेटी की शादी नहीं हो पा रही है। किसान बिजली के बिल आदि का भुगतान भी नहीं करा पा रहे है। उन्होंने बताया कि मलकपुर व किनौनी चीनी मिलों पर सबसे ज्यादा बकाया है। मिलें रिजेक्ट प्रजाति का गन्ना भी नहीं ले रही है। किसानों को इंडेंट तौल केंद्रों पर बहुत ही कम भेजते है। इसमें बढ़ोतरी कराई जाए। किनौनी चीनी मिल द्वारा बागपत के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। मिल द्वारा मेरठ जनपद के किसानों का भुगतान किया गया है, लेकिन बागपत के किसानों का कोई भुगतान नहीं किया जा रहा है। बागपत के किसानों को भी बकाया भुगतान दिलाया जाए। इस पर गन्ना उपायुक्त ने किसानों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में रविंद्र हट्टी, मनोज तोमर, प्रताप तोमर, अक्षय तोमर, देशपाल सिंह, श्याम सिंह, राज सिंह, पिंटू, आर्यन तोमर, गौरव तोमर, चरण सिंह आदि शामिल रहे।