3284 परिवारों को मिलेंगे निशुल्क विद्युत कनेक्शन
बागपत। प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य) के तहत नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन देेने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले के 66 गांवों में 17 दिसंबर को कैंप लगेंगे। उर्जा निगम के अधिकारी कनेक्शन देंगे। कनेक्शन देने की प्रक्रिया आसान रखी गई है ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़ा।
केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना के तहत शहरी और देहात क्षेत्र में घरेलू नि:शुल्क कनेक्शन दिए जाने की तैयारी है क्योंकि अभी भी सैकड़ों घर ऐसे हैं, जिनमें विद्युत कनेक्शन नहीं है। 17 दिसंबर को लगने वाले कैंप में उपभोक्ताओं को केवल पहचान पत्र जमा कर कनेक्शन मिल जाएगा। उपभोक्ताओं को कनेक्शन के लिए अफसरों के दफ्तरों के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि कनेक्शन देने के लिए 17 फरवरी को 66 गांवों में कैंप लगाया जाएगा। इसमें कनेक्शन, मीटर, विद्युत वायर मुक्त में दी जाएगी। जिनके मकान विद्युत खंभों से 40 मीटर की दूरी पर है। उनके यहां पर खंभे की व्यवस्था की जाएगी।