आज से नामांकन, दुरुस्त किए गए कील-कांटे
बागपत। निकाय चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया शनिवार से आरंभ होगी। पुलिस-प्रशासन ने बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तहसील के नामांकन स्थलों पर तैयारियां की। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि कानून के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जिले में धारा 144 लागू है। एसपी जय प्रकाश ने कहा कि नामांकन स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम और एसपी ने नामांकन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। अफसरों ने पत्रकारों बताया कि तीनों तहसील के नामांकन स्थलों का चुनाव अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसी व्यवस्था की गई है कि जिससे नामांकन पत्र की खरीद करने वाले और नामांकन करने वालों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि सभी निकायों के 135 वार्ड के लिए चुनाव होगा। इसमें 85 मतदान केंद्र, 239 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। उधर, एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव ने तहसील में नामांकन स्थल का दौरा किया। तहसीलदार राजबहादुर और सीओ दिलीप कुमार उनके साथ मौजूद रहे। उधर, बड़ौत में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी और खेकड़ा में एसडीएम आशीष कुमार ने तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया में कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। एडीएम वित्त लोकपाल सिंह, एडीएम न्यायिक विधान जायसवाल, सूचना अधिकारी राहुल भाटी मौजूद रहे।
किस तहसील में किसके नामांकन
बागपत तहसील में बागपत पालिका, अग्रवाल मंडी टटीरी और अमीनगर सराय नगर पंचायत के नामांकन होंगे। बड़ौत तहसील में बड़ौत पालिका, दोघट, टीकरी, छपरौली के नामांकन होंगे। तहसील खेकड़ा में खेकड़ा पालिका के लिए ही नामांकन होंगे।
निकाय में नामांकन से मतगणना तक
बागपत। निकाय चुनाव में नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री और नामांकन पत्रों की जांच का कार्य चार से 10 नवंबर तक होगा। नामांकन की जांच 11 नवंबर को और नाम वापसी 13 नवंबर को होनी है। चुनाव चिन्ह का आवंटन 14 नवंबर को होगा। मतदान 29 नवंबर और मतगणना पहली दिसंबर को होनी है।
निकाय, वार्ड और मतदाता
निकाय वार्ड मतदाता
बागपत 25 37077
बड़ौत 25 81656
खेकड़ा 25 32158
सराय 11 7516
टटीरी 11 11312
छपरौली 14 15512
दोघट 12 11892
टीकरी 12 11662
चार पदों के लिए होंगे नामांकन
बागपत। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बताया कि पालिकाध्यक्ष, पालिका सदस्य, नगर पंचायत अध्यक्ष और नगर पंचायत सदस्य के लिए नामांकन और चुनाव की प्रक्रिया कराई जा रही है।
पालिकाध्यक्ष पद के लिए खर्च किए जा सकेंगे छह लाख
बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि सामान्य वर्ग के पालिकाध्यक्ष के लिए नाम निर्देशन पत्र की कीमत पांच सौ रुपये, जबकि पिछड़ा एवं अन्य वर्ग के लिए इसकी कीमत 250 रुपये रहेगी। अधिकतम खर्च छह लाख रुपये निर्धारित किया गया है। सदस्य पद सामान्य के लिए दो सौ रुपये में नामांकन पत्र, दो हजार रुपये जमानता राशि होगी। पिछड़ा एवं अन्य वर्ग के लिए एक सौ रुपये नामांकन पत्र जबकि एक हजार रुपये जमानत राशि जमा करनी होगी। पालिका सदस्य और नगर पंचायत अध्यक्ष का खर्च डेढ़ लाख रुपये निर्धारित किया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सामान्य का नाम निर्देशन पत्र 250, जबकि पिछड़ा वर्ग का 125 रुपये का होगा। सामान्य सदस्य के लिए नाम निर्देश पत्र एक सौ रुपये का होगा और अधिकतम खर्च तीस हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इस तरह तैनात रहेगा पुलिस बल
बागपत। एसपी जय प्रकाश ने बताया कि नामांकन स्थलों पर पीएसी तैनात रहेगी। इसके अलावा 30 महिला पुलिसकर्मी, 72 सिपाही और 28 हेड कांस्टेबल तैनात रहेंगे। तीनों सीओ अपने-अपने क्षेत्र में प्रबंध देखेंगे, जिले की जिम्मेदारी एएसपी अजय कुमार सिंह को दी गई है।
इस बार आधे घंटे अधिक मतदान
बागपत। एडीएम न्यायिक विधान जायसवाल ने बताया कि निकाय चुनाव में इस बार आधे घंटे अधिक मतदान कराया जाएगा। सुबह आठ बजे के बजाए इस बार सुबह साढ़े सात बजे से मतदान होगा। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।