बागपत। नाव हादसे के बाद काठा गांव के गम में शामिल होने वालों का सिलसिला जारी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा काठा के लोगों को इंसाफ दिलाया जाएगा। प्रशासन का निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। भाजपा विधायक योगेश धामा ने कहा कि हादसा बेहद दुखद है। पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाया जाएगा। सही जांच होगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को आप नेता संजय सिंह कार्यकर्ताओं के साथ काठा पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों परिवार के घर जाकर सांत्वना दी। हादसे की जानकारी ली। उन्होंने कहा किसी भी सूरत में अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन इस हादसे की जड़ है, जिसकी जांच होनी ही चाहिए। पीड़ितों पर ही लाठीचार्ज और मुकदमा कर देना कहां का न्याय है। पुलिस का रवैया बेहद गलत रहा। आम आदमी पार्टी लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। सोमेंद्र ढाका एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा के बागपत विधायक योगेश धामा कार्यकर्ताओं के साथ शोक सभा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हादसा बेहद दुखद है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा। जिन परिवारों के 19 लोग मरें, उन पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों की आर्थिक मदद की है उधर, गांव में दिनभर लोगों का आवागमन रहा। शोक सभा में शामिल होने के लिए अन्य गांवों से भी सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे।