बागपत। स्वास्थ्य विभाग ने अमीनगर सराय के छह झोलाछाप चिकित्सकों को नोटिस जारी किया और बरसिया के दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दस्तावेज जमा नहीं किए तो छह डॉक्टरों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बिना डिग्री वाले डॉक्टर जिले में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। हर गांव में इनका मक़डजाल फैला है। स्वास्थ्य विभाग ने अमीनगर सराय के छह झोलाछाप चिकित्सकों को नोटिस जारी किया है। चेतावनी दी एक सप्ताह में दस्तावेज जमा नहीं किए तो स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। सहायक नोडल अधिकारी अजय शर्मा और डॉ. कुंवर मोहम्मद उमर ने बताया बरसिया गांव के डॉ. राकेश और डॉ. सतपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। नोटिस के बाद भी दस्तावेज जमा नहीं किए थे। इसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। नोडल अधिकारी डॉ. रामेश्वर दयाल ने कहा बिना डिग्री के डॉक्टरों को लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।