बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पौष्टिक एवं संतुलित खानपान की व्यवस्था जरूरी है। महिलाओं को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएं। उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाएं। गर्भवती महिलाओं को आवश्यक टीके समय पर लगाए जाने चाहिए और सीडीपीओ सप्ताह में दो बार आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करें।
डीएम ने गूंगाखेडी गांव में अतिकुपोषित बच्चों का वजन कराया। निर्देश दिए कि एएनएम सप्ताह में दो बार गर्भवती महिलाओं से संपर्क करें और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेती रहें। अतिकुपोषित बच्चों के वजन में सुधार हुआ है, लेकिन इनके विकास के लिए न्यूट्रीशन एवं अन्य पोषक तत्व अधिक दिए जाने चाहिए। इसके बाद डीएम ने हेल्थ कैंप का भी निरीक्षण किया। गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं की देखभाल की अधिक आवश्यकता बताई। उन्होंने खुद पोषाहार की जांच की और चख कर देखा। सीएचसी प्रभारी और अन्य अधिकारियों को भी पोषाहार चखाया। अनटाइड फंड के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता एवं सफाई कार्य में इस फंड का उपयोग करना सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सुनी जनसमस्याएं
डीएम ने गूगांखेड़ी के प्राथमिक विद्यालय संख्या एक में जन समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने तालाब की खुदाई अथवा उसका पानी निकासी के लिए नाले के निर्माण के लिए आम सहमति बनाये जाने और प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। छछरपुर से गूगांखेड़ी तक 11 हजार की विद्युत लाईन के जर्जर तार बदले जाने के संबंध में उन्होंने जांचोपरांत तार बदलवाए जाने के निर्देश दिए। प्रधान को स्वच्छता अभियान के निर्देश दिए गए। डीपीओ शशि वार्ष्णेय एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।