- उद्यमियों ने निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए रोष जताया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर में बड़का मार्ग पर शुक्रवार दोपहर को हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने से औद्योगिक क्षेत्र की करीब 80 से अधिक फैक्टरियां ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लाखों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। फाल्ट दोपहर तीन बजे आया और निगम कर्मचारियों को उसे ठीक करने में करीब पांच घंटे लग गए। रात आठ बजे जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी।
उद्यमियों निखिल, कपिल व सुरेंद्र पंवार ने कहा कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। लगातार फाल्ट होने से उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों रविंद्र आर्य व मुदित जैन ने कहा कि निगम कर्मचारियों का बिजली व्यवस्था बेहतर करने पर कोई ध्यान नहीं है।
वहीं नई बस्ती में भी लाइन में फाल्ट आने से करीब तीन घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इससे गुस्साए लोगों ने निगम कर्मचारियों पर सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाए। वहां के रहने वाले सुनील, आजाद, नरेश, धर्मेंद्र, इकबाल और महेंद्र ने बताया कि चेकिंग और बकाया वसूली के नाम पर कर्मचारियों द्वारा दबाव बनाकर रुपये लिए जा रहे हैं। पहले भी कई शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता सीताराम ने बताया कि हाइटेंशन लाइन में अचानक फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों को तुरंत उसे ठीक करने में लगाया और सभी जगह आपूर्ति सुचारू कर दी गई।