परीक्षा देने के बाद प्रश्न पत्र के बारे में चर्चा करतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिले में चल रही बोर्ड परीक्षा दूसरे दिन शांतिपूर्ण हुई। हाईस्कूल और इंटर में 735 बच्चे अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने छपरौली क्षेत्र के विद्यालयों में निरीक्षण किया। केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए। उधर, संयुक्त शिक्षा निदेशक दिव्यकांत शुक्ल और बीएसए योगराज सिंह ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। सीटिंग प्लान में गड़बड़ी पर जेडी ने केंद्र व्यवस्थापकों को फटकार लगाई।
जिले के 47 केंद्रों में बोर्ड परीक्षा दूसरे दिन शांतिपूर्ण हुई। स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में दो पाली में परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्रथम पाली में हाईस्कूल हिंदी का पेपर हुआ। इसमें 16375 विद्यार्थी पंजीकृत थे। 15637 उपस्थित रहे और 734 ने परीक्षा छोड़ दी।
इसके अलावा दूसरी पाली में इंटर कामर्स वर्ग में सामान्य आधारित विषय का एग्जाम हुआ। इसमें 99 बच्चे पंजीकृत थे, 98 उपस्थित रहे और एक ने परीक्षा छोड़ दी। डीआईओएस पीके मिश्रा ने बताया कि उन्होंने छपरौली क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरे, कर्मचारियों से बात, कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सभी जगह परीक्षा शांतिपूर्ण हुई है।
मंगलवार को द्वितीय पाली की परीक्षा में जेडी और बीएसए योगराज सिंह ने दोघट क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जेडी ने सीसीटीवी कैमरे से बच्चों को आपस में बात करते देखा तो कक्ष निरीक्षकों को फटकार लगाई। इसके अलावा बामनौली स्कूल में सीटिंग प्लान बदलने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि निर्धारित दूरी पर ही परीक्षार्थियों को बैठाया जाना चाहिए।