बागपत। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटा रालोद दिल्ली में युवा सम्मेलन करेगा। 12 जनवरी को दिल्ली में सम्मेलन होगा। इसमें चौधरी अजित सिंह और शरद यादव मुख्य अतिथि होंगे। पश्चिम यूपी के सभी जिलों के युवाओं को यहां जुटाने की तैयारी चल रही है।
रालोद कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना एवं युवा रालोद के जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर ने पत्रकारों को बताया कि 12 फरवरी को दिल्ली में रफी मार्ग स्थित जीवी मावलंकर हॉल में युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन चौधरी अजित सिंह का जन्मदिन भी युवा कार्यकर्ता मनाएंगे। विभिन्न जिलों से युवाओं की भागीदारी के लिए युवा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 17 फरवरी को खामपुर गांव में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की जनसभा होगी। मुजफ्फरनगर में 11 फरवरी को चौधरी अजित सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रालोद कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। भाजपा ने जो बजट पेश किया है, वह छलावा है। किसान भाजपा की नीति और नियति को समझ गए हैं। अश्वनी तोमर, सतेंद्र सिंह प्रमुख, ओमवीर ढाका, ओमवीर तोमर मौजूद रहे।