बागपत। मौसम के बदले मिजाज से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। घने कोहरे से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। कई जगह हादसे भी हुए। सोमवार को दिन में 11 बजे तक कोहरे का असर दिखाई दिया। दोपहर बाद धूप खिली। मौसम विज्ञानियों ने छह से आठ फरवरी तक बारिश के आसार जताए हैं। इस बीच ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम ने रविवार की रात से ही करवट बदलनी शुरू कर दी थी। रात करीब 11 बजे से कोहरे की चादर बिछनी शुरू हो गई थी। इसके बाद सोमवार को सुबह 11 बजे तक कोहरा रहा। करीब 12 घंटे तक बिछी रही कोहरे की चादर के कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। वाहनों की रफ्तार थम गई। चालकों ने अधिकतर बड़े वाहन सड़कों के किनारे पार्क कर खड़े कर दिए।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के कारण चालकों ने बड़े वाहनों को साइड पर रोक कर खड़े कर दिया। यहां हादसा भी हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर मोड़ पर वाहन टकराए, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। बागपत-मेरठ रोड पर भी वाहनों के पहिये थमे रहे। दिल्ली-सहारनपुर रेल लाइन पर ट्रेन भी कोहरे के कारण देरी से गंतव्य तक पहुंची। उधर, मौसम के तीन दिन तक खराब रहने की संभावना जताई जा रही है। छह से लेकर आठ फरवरी तक बारिश हो सकती है, मौसम विज्ञानियों ने ओलावृष्टि की आशंका जताई है।