बागपत। लहचौड़ा गांव में स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की जद में आए प्राथमिक विद्यालय का आज तक निर्माण नहीं हुआ है। जबकि एनएचआई ने पांच लाख रुपये स्कूल प्रबंध समिति के खाते में जमा किए थे। ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत कर गांव के स्कूल के भवन का निर्माण कार्य कराने की मांग की।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निर्माण से पूर्व जिले के 11 गांवों की जमीन को अधिग्रहण किया । इस दौरान लहचौड़ा गांव में स्थिति प्राथमिक विद्यालय भी हाईवे की जद आया हुआ था। निर्माण कार्य शुरू हुआ तो जिला प्रशासन ने गांव के विद्यालय के भवन को तोड़ दिया । एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो गया है और इस पर वाहन फर्राटे भरते हुए दौड़ रहे हैं, लेकिन अब तक गांव के प्राथमिक विद्यालय का निर्माण नहीं कराया गया है। जबकि एनएचआई अधिकारियों ने गांव के स्कूल के भवन के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये का मुआवजा स्कूल की प्रबंध समिति के खाते में डाल दिया था।
ग्राम प्रधान विमला के पुत्र संजय कुमार ने बताया कि विद्यालय के खाते में सात लाख रुपये हैं। इससे गांव से स्कूल के भवन का निर्माण को कराया जा सकता है। इस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। विद्यालय के भवन का निर्माण नहीं होने से छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने समस्या का आज तक भी समाधान नहीं कराया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे ग्रामीण और अभिभावकों में जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों के खिलाफ गुस्सा है। दूसरी तरफ ग्रामीणों ने डीएम को शिकायत कर विद्यालय का भवन निर्माण कराने की मांग की है। इस दौरान भाकियू के जिला सचिव शिवदत्त शर्मा, योगेश शर्मा, दिनेश प्रधान, अजब सिंह, नरेश आदि मौजूद रहे।