बड़ौत (बागपत)।
अंधाधुंध विद्युत कटौती के विरोध में सोमवार को उपभोक्ताओं ने मुख्य शिकायत केंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के न मिलने पर उपभोक्ता वहां से मायूस होकर लौट गए।
उपभोक्ताओं ने कहा कि एक तो पहले से ही आसमान से आग बरस रही है, ऊपर से बिजली की अंधाधुध विद्युत कटौती से उनकी समस्याएं ओर बढ़ गई है। आरोप लगाया कि जिस दिन ऊपर से सप्लाई ठप मिलती है, उस दिन मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात कर्मचारी विद्युत फाल्ट और अन्य विभागीय कार्यों का बहाना बनाते हुए सप्लाई घंटों तक बंद कर देते हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण विद्युत यंत्र शोपीस बनकर रह गए हैं। लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। यदि कोई उपभोक्ता इसकी शिकायत मुख्य शिकायत केंद्र पर पहुंचता है तो वहां पर न तो एसडीओ मिलते है और न ही जेई। उन्होंने ऐसे हालात पर चिंता जताई। उधर, एक्सईएन द्वितीय यादवेंद्र का कहना है कि विद्युत कटौती की समस्या दूर करने के प्रयास जारी हैं। अधिक से अधिक आपूर्ति दिलाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में आकाश, दीपक, सूरज, नवीन, अरविंद, सुरेंद्र, अमन, सोहनवीर, अमरदीप आदि शामिल रहे।