एचटी लाइन का तार टूटा, ट्रैक्टर में आग लगी
दोघट। आजमपुर मुलसम गांव के जंगल में एचटी विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से खेत में जुताई कर रहे ट्रैक्टर में आग लग गई। किसान ने किसी तरह ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई। आग से ट्रैक्टर जल गया। किसान ने विद्युत निगम से मुआवजे की मांग की है।
आजमपुर मुलसम गांव निवासी किसान परमानंद के खेत के ऊपर से एचटी विद्युत लाइन गुजरती है। इस लाइन के तार जर्जर हाल में है। शुक्रवार को किसान परमानंद ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान विद्युत लाइन का तार टूटकर ट्रैक्टर पर गिर गया। किसान ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। एचटी के करंट से ट्रैक्टर में आग लग गई। आग की सूचना से आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ट्रैक्टर आग से जल चुका था। पीड़ित किसान ने ऊर्जा निगम से मुआवजे की मांग की है।