पूर्व विधायक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश किसान प्रकोष्ठ रालोद के अध्यक्ष वीरपाल राठी ने कहा कि रालोद से निलंबित किए गए विधायक सहेंद्र रमाला झूठ बोल रहे हैं कि चौधरी अजित सिंह ने उन्हें नहीं बताया कि राज्यसभा चुनाव में किसे मत देना है तो वे बसपा के राज्यसभा के प्रत्याशी के प्रस्तावक कैसे बने।
वे शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहेंद्र रमाला भाजपा की तरह झूठ का पुलिंदा हैं, उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई भी प्रश्न विधानसभा में नहीं उठाया। विधायक कहते है कि चौधरी अजित सिंह ने उन्हें बुलाकर बसपा को वोट देने के लिए नहीं कहा वे झूठ बोल रहे हैं। यदि उन्हें चौधरी अजित सिंह ने नहीं बताया तो वे राज्यसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी के प्रस्तावक कैसे बने। क्षेत्र में चर्चा है कि उन्होंने पार्टी के हितों को दरकिनार कर लोभ में क्रॉस वोटिंग की। इससे क्षेत्र की जनता में रोष व्याप्त है। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष यशवीर सिंह, राम कुमार त्यागी, धीरज उज्ज्वल, राम कुमार चेयरमैन, देवेंद्र आदि उपस्थित रहे।