बागपत। किसानों ने गन्ने का भुगतान के लिए डीएम ऋषिरेंद्र कुमार से शेड्यूल निर्धारित कराने की मांग की है। उन्होंने नए सत्र का भुगतान भी निर्धारित 14 दिन में कराने मांग की। वहीं, कुरड़ी के किसानों ने बताया गोगर मिल रिजेक्ट प्रजाति का गन्ना नहीं ले रही है।
मलकपुर क्षेत्र के किसान मंगलवार को डीएम दफ्तर पहुंचे। मिल के चेयरमैन धूम सिंह ने बताया कि मलकपुर मिल पर करोड़ों रुपये का बकाया भुगतान है। अफसरों से लेकर जन प्रतिनिधियों तक से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या दूर नहीं हो रही है। किसानों के सामने परिवार का पालन पोषण करने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा पिछले पेराई सत्र का भुगतान शेड्यूल के अनुसार कराया जाए और नए सत्र का भुगतान 14 दिन के अनुसार कराया जाना चाहिए। डॉ. रविंद्र, रणवीर सिंह डॉयरेक्टर, महिपाल, रूपेंद्र, गोल्डी मौजूद रहे। उधर, कुरड़ी के किसानों ने डीएम से की शिकायत में बताया कि गोगर मिल ने आठ दिन पहले क्रय केंद्र लगाया था। मिल ने रिजेक्ट और सामान्य प्रजाति के गन्ने को लेने से इंकार कर दिया है। आधा सीजन चला गया है। गेहूं की बुवाई नहीं कर पा रहे है। किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने डीसीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। अनिल कुमार, रविंद्र, पिंटू, महीपाल सिंह, ओमवीर, मांगेराम, ओंकार, सुबोध मौजूद रहे।