बड़ौत (बागपत)।
छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह ने लखनऊ में बृहस्पतिवार से शुरू हुए विधानसभा सत्र में क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम जन की समस्याओं को जोर शोर से उठाया।
विधायक सहेंद्र सिंह को जब विधानसभा में अपनी बात रखने का अवसर मिला तो उन्होंने अपना पहला प्रश्न कृषि मंत्री से किसानों को दिए जाने वाले क्रेडिट कार्ड की क्रय सीमा बढ़ाने का किया। उन्होंने कहा किसान सोसाइटी बैंक आदि से एक ब्याज दर पर पैसा लेकर कृषि कार्यों में लगता है। आज की महंगाई में जो रकम क्रेडिट कार्ड से किसान को प्राप्त होती है, उसमें वह पूरे वर्ष का खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक आदि नहीं खरीद पाता और वर्ष के अंत में उसे वह धनराशि जमा करने के लिए भी साहूकार से मदद लेनी पड़ती है। सरकार को किसान क्रेडिट कार्ड में क्रय राशि बढ़ानी चाहिए और साथ ही पैसा जमा करने कि समय सीमा को भी बढ़ाया जाना चाहिए। दूसरा प्रश्न विधायक ने औद्योगिक विकास मंत्री को बताया बागपत जनपद को ग्राम ककड़ीपुर सीमा तक एनसीआर क्षेत्र में लिया गया है। इसके बाद भी आम जन तक कोई सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। उन्होंने ककड़ीपुर तक मेट्रो परियोजना चलाने की मांग की। विधायक ने अगला प्रश्न खेल मंत्री चेतन चौहान से किया। उन्होंने कहा कि जनपद में युवाओं में खेलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को संसाधन उपलब्ध कराए।