स्वाइन फ्लू से निरपुड़ा में मौत पर जागे अफसर
दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की नींद टूट गई है। विभाग की ओर से सोमवार सुबह गांव में कैंप लगाकर मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान बुखार से ग्रस्त नौ मरीजों की रक्त स्लाइड बनाई।
गांव निवासी अश्वनी की पत्नी रविता की स्वाइन फ्लू से शनिवार रात दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जैसे ही इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को लगी, तो उनमें खलबली मच गई। क्याेंकि, पड़ोसी जनपद मेरठ के अलावा दिल्ली में लगातार स्वाइन फ्लू से मौत के मामले सामने आ रहे हैं। दोनों ही स्थानों पर यहां के लोगों का आना-जाना रहता है। सीएचसी बिनौली से स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को निरपुड़ा में पहुंची तथा बुखार पीड़ितों का उपचार किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल बंसल ने बताया कि गांव में बुखार पीड़ित नौ लोगों की रक्त स्लाइड बनाई गई है तथा 35 मरीजों को दवाएं दी गई है।