बागपत। जिले में लोग टीकाकरण के प्रति रुचि नहीं ले रहे हैं। लक्ष्य के सापेक्ष 71.97 फीसदी लाभार्थी ही टीकाकरण कराने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। खेकड़ा ब्लॉक में सबसे कम 47 फीसदी और बड़ौत ब्लॉक में सबसे अधिक 112.32 फीसदी टीकाकरण हुआ।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि सोमवार को जिले में 39 सत्रों में 3800 लाभार्थियों के टीकाकरण का माइक्रोप्लान तैयार किया गया था। लक्ष्य के सापेक्ष 2735 लाभार्थी ही टीकाकरण कराने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। सोमवार को बागपत ब्लॉक में 650 में से 580, बड़ौत ब्लॉक में 650 में से 730, बिनौली ब्लॉक में 600 में से 370, छपरौली में 700 में से 350, खेकडा में 500 में से 235 और पिलाना ब्लॉक में 700 में से 470 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। जिले में 71.97 फीसदी टीकाकरण हुआ। बड़ौत में सर्वाधिक 112.31 फीसदी और खेकड़ा में सबसे कम 47 फीसदी लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए अधिक से अधिक लाभार्थियों से केंद्रों पर पहुंचकर टीकाकरण कराने का आह्वान किया है।