बड़ौत (बागपत)। ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) में छूट दिलाने के नाम पर दोघट कस्बे के कई उपभोक्ताओं से ठगी कर ली गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को एक्सईएन द्वितीय के कार्यालय में पहुंचकर शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि ठगी करने वाला मीटर रीडर फोन भी नहीं उठा रहा है। निगम के अफसरों ने उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले माह निगम मेें संविदा पर मीटर रीडिंग करने वाला एक मीटर रीडर दोघट कस्बे में आया और ओटीएस में छूट दिलाने का दावा किया। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के 50 या 30 हजार के बिलों को मात्र पांच और दस हजार रुपये में निपटाने का झांसा दिया। इससे कस्बे के प्रवेश, अरविंद, रामपाल सहित करीबन 40 लोग उसके बहकावे में आ गए और उसे रुपये थमा दिए। अब मीटर रीडर न तो उनका फोन रिसीव कर रहा है और न ही उन्हें ओटीएस का लाभ मिला है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं।
उन्होंने प्रभारी अधिशासी अभियंता द्वितीय सुधाकर से शिकायत कर मीटर रीडर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान अधिशासी अभियंता द्वितीय सुधाकर ने मीटर रीडर के सुपरवाइजर को फोन कर मीटर रीडर को कार्यालय पर आने के लिए कहा और चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं के रूपये नहीं लौटे तो मीटर रीडर से हटाते हुए थाने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता द्वितीय सुधाकर का कहना था कि शिकायत मिली है, उक्त मीटर रीडर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में एसई रामबीर सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं से अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।