अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरित न होने से यात्रियों की ट्रेन छूट गई। इसके बाद उन्होंने हंगामा कर रेलवे के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामा बढ़ा तो स्टेशन अधीक्षक यात्रियों के बीच पहुंचे। उन्हें टिकट बुकिंग क्लर्क शराब के नशे में मिला। उन्होंने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत किया।
मंगलवार को शाम के समय बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से बड़ौत और सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों के लिए यात्रियों को टिकटों का वितरण नहीं किया। इस कारण कुछ यात्री बिना टिकट के ही ट्रेन चढ़ गए और कुछ ने इसके विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। रेलवे विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान वहां मौजूद रेलवे कर्मचारियों से भी नोकझोंक हुई। हंगामा बढ़ा तो इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक सतीश शर्मा को दी। उस दौरान वह ड्यूटी पर नहीं थे। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक जगपाल को यात्रियों के बीच भेजा। उन्होंने वहां टिकट बुकिंग क्लर्क को देखा तो वह शराब के नशे में मिला। इसके बाद उन्होंने यात्रियों को शांत कर क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों को जानकारी देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद यात्री शांत पड़े। हंगामा करने वाले में शिवकुमार, जितेंद्र, उस्मान, प्रमोद, कपिल, हरबीर, सुनील, सुरेंद्र, महेंद्र, पवन, रमेश आदि मौजूद रहे।