रमाला (बागपत)।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जय पार्वती स्कूल रमाला के पास से तेज रफ्तार वैगनार कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को कार से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शामली जनपद के भभीसा गांव निवासी अशोक (40) पुत्र रणधीर मंगलवार को कार से अपने रिश्तेदार ओमपाल पुत्र सत्यवीर निवासी गांव इकवाड़ा हस्तिनापुर के साथ बड़ौत किसी काम से जा रहा था। कार को अशोक चला रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर फोर लेन सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क के दोनों तरफ गहरी खाई खोद रखी है। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में चालक अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओमपाल घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को सीधी कराकर घायल को बाहर निकाल और अस्पताल में भर्ती कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी।