बागपत। राजकीय विद्यालयों में पढ़कर ख्याति प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का विद्यालयों में वॉल ऑफ फेम सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें उनकी उपलब्धियों को अन्य विद्यार्थियों के बीच रखकर मनोबल बढ़ाया जाएगा। शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालयों को पत्र जारी कर आदेशित कर दिया है। छात्रों की सूची कार्यालय उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए।
राजकीय इंटर कॉलेजों से इंटर पास करने के बाद बुलंदियों पर पहुंचे छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विद्यालय स्तर से उन सभी छात्रों का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा, जिसने इंटर पास करने के बाद खेलकूद में, व्यापार में, सरकारी सेवा, समाज सेवा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देकर ख्याति प्राप्त कर रहे हैं। युवक और युवतियों रिकॉर्ड तैयार कराने के बाद शासन को भेजा जाएगा। शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया। ऐसे सभी छात्रों का बायो डाटा का प्रारूप निर्धारित कर सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में वॉल ऑफ फेम की संकल्पना आधारित कार्य योजना का निर्माण किया जाएगा। पुरातन छात्र सम्मेलन की अभिलेखीकरण (डाक्यूमेंटेशन) तैयार कराई जाएगी। उधर डीआईओएस बृजेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में छह राजकीय कन्या इंटर कॉलेज है, ऐसे सभी छात्राओं का रिकॉर्ड तैयार कराया जाएगा जो ख्याति प्राप्त कर रहे हैं।
छात्रों का पढ़ने-लिखने में मनोबल बढ़ाना है लक्ष्य : डीआईओएस
बागपत। जिला विद्यालय निरीक्षक बृजेंद्र कुमार ने बताया कि राजकीय विद्यालयों में पढ़े वाले छात्र छात्राओं की उपलब्धियों को वर्तमान में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को बताया जाएगा, ताकि उनके अंदर पढ़ लिखकर कुछ कर गुजरने की भावना पैदा हो सके। शासन इसी लक्ष्य की ओर कार्य किया जा रहा है। जिले में राजकीय इंटर कॉलेज तो नहीं है, लेकिन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं को रिकॉर्ड जरूर तैयार कराया जाएगा। देखा जाएगा की कौन छात्रा अब क्या कर रही है।