अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। शहीद मनवीर नेशनल स्कूल बली में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि शूटर दादी प्रकाशो तोमर रही। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित किया। कहा सफलता के लिए उम्र नहीं लक्ष्य देखना चाहिए।
शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप जलाकर किया। इस दौरान शूटर दादी बोली शूटिंग या बैडमिंटन का खेल सीखे इन खेलों में दिमाग का खेल हैं। खेल से पढ़ाई में भी अच्छे चलेंगे। लग्न से प्रतिभाग करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। जिससे अपना, परिवार, स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। बताया कि जिस उम्र में आराम करने की जरूरत होती है, उस उम्र में उन्होंने पिस्टल से सटीक निशाना लगाया है। इसके लिए उन्होंने केवल ध्यान और लग्न से निशाना लगाना सीखा। उसके बाद हर निशाना सटीक लगा। उन्होंने सभी को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने कहा कि बिना अभिभावक के बच्चा आगे नहीं बढ़ सकता। घर का सहयोग जरूरी है। अभिभावकों में भी खेल की भावना जागृत होनी चाहिए। प्रतिभा छिपी हुई है जो बच्चा खेल में अच्छा होगा वहीं पढ़ाई में भी अच्छा होता है। विद्यार्थियों ने खेलकूद के शुभारंभ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संस्थापक पुरुषोत्तम ने बताया कि 400 मीटर दौड़ में रोहित प्रथम, हिमांशु द्वितीय, अभिषेक तृतीय रहा। बालिका वर्ग की कबड्डी में ज्योति पब्लिक स्कूल क्यामपुर और बालक वर्ग में शहीद मनवीर स्कूल ने बाजी मारी। इस दौरान स्पून दौड़ में नेहा प्रथम और वंश चौधरी द्वितीय रहा। इसमें मास्टर गजराज सिंह, विक्रांत दीक्षित, रश्मि शर्मा, मोहित सिंघल, दीपिका सर्वेश, सुंदर पाल, तेजेंद्र, विनोद, कुलदीप, अमन आदि रहे।