बड़ौत (बागपत)।
मुख्य शिकायत केन्द्र पर तैनात संविदा कर्मचारी नए विद्युत कनेक्शन देने, उपभोक्ताओं से सांठगांठ कर उन्हें विद्युत चोरी कराने व मीटर लगाने के नाम पर हर माह विद्युत निगम को चूना लगा रहा है। इसका खुलासा विद्युत परीक्षणशाला द्वितीय मेेें मीटर लगाने वाले एक कर्मचारी ने एसई को पत्र भेजकर किया। शिकायतकर्ता ने कहा वह कई बार आरोपी संविदा कर्मचारी की शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पीड़ित शिकायतकर्ता राम कुमार सिंह पुत्र रघुवीर सिंह आजाद नगर कॉलोनी का रहने वाला है और दिल्ली रोड स्थित विद्युत परीक्षणशाला द्वितीय में कार्यरत था और मीटर लगाने का काम करता था। उसने एसई रामबीर सिंह को शिकायती पत्र भेजकर खुलासा किया कि मुख्य शिकायत केंद्र में तैनात एक संविदा कर्मचारी नए विद्युत कनेक्शन देने, मीटर लगवाने, उपभोक्ताओं से सांठगांठ कर विद्युत चोरी कराने सहित अन्य विभागीय कार्यों को कराकर हर माह ऊर्जा निगम के राजस्व में लाखों का चूना लगा रहा है। उन्होंने बताया उक्त संविदा कर्मचारी ने सुगम योजना के तहत आजादनगर निवासी योगेश से आठ सौ और न्यू रामनगर कॉलोनी निवासी मुकेश से एक हजार रुपये वसूले, लेकिन न तो उन्हें कोई रसीद दी है और न ही वहां पर मीटर लगाया। उन्होंने कहा जब उपभोक्ता योगेश और मुकेश कुमार ने रसीद और मीटर लगाने का अनुरोध किया तो निगम की टीम से सांठगांठ कर उनके यहां पर छापेमारी कर पीड़ितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। उनसे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई न करने पर कार्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी। उधर, अधिशासी अभियंता द्वितीय यादवेंद्र ने कहा निगम का नुकसान बर्दास्त नहीं होगा। यदि ऐसा है तो प्रकरण की शीघ्र जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।