सोनीपत-बागपत मार्ग पर यमुना नदी पुल के पास हरियाणा सीमा में रेत से लदे ट्रक ने गौरीपुर गांव के युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। हरियाणा पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गौरीपुर गांव निवासी अर्जुन (19) पुत्र लक्ष्मण बहालगढ़ हरियाणा स्थित फैक्ट्री में नौकरी करता है। शुक्रवार की देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। जब वह सोनीपत-बागपत मार्ग यमुना नदी पुल के पास हरियाणा सीमा में पहुंचा तो सामने से आ रहे रेत से लदे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। उनका कहना था कि रेत से लदे ओवर लोड ट्रक बिना रोक टोक के सड़कों पर दौड़ रहे है। जिस कारण दुर्घटनाएं हो रही है। सूचना पर हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में निवाड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि घटना हरियाणा क्षेत्र की है।