छपरौली (बागपत)। सिनौली गांव में बृहस्पतिवार की रात में बीएसएफ के जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में तहरीर दी।
छपरौली थाना क्षेत्र के सिनौली गांव निवासी राम कुमार का 28 वर्षीय बेटा मोहित मान बीएसएफ का जवान था। वह पश्चिमी बंगाल में तैनात था और घर पर एक सप्ताह की छुट्टी आया हुआ था। चाचा सत्यपाल मान एडवोकेट ने बताया कि मोहित बृहस्पतिवार की रात में बाइक पर खेत में खाना देने गया था। साढ़े नौ बजे के लगभग वह खाना देकर वापस घर लौट रहा था। जब वह बड़ौत-छपरौली मार्ग पर सिनौली गांव में पहुंचा तो सामने से अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने वाहन का पीछा भी किया, लेकिन हाथ नहीं लगा। इसकी सूचना पुलिस को दी । रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी। जवान मोहित की मौत की सूचना पर परिवार में मातम पसर गया। पति की मौत पर पत्नी शालू का रो-रो कर बुरा हाल है। वह बार-बार बेहोश हो रही है। मृतक मोहित के एक साल का बेटा है। चाचा सत्यपाल मान ने बताया कि मोहित छह साल पहले दिल्ली से बीएसएफ में भर्ती हुआ था। अब वह पश्चिम बंगाल में तैनात था।