बड़ौत (बागपत)।
तहसील क्षेत्र के किसान सामान्य प्रजाति का गन्ना न लेने से खफा है। मिल प्रशासन द्वारा इंडेट जारी न करने पर 40 प्रतिशत गन्ना खेतों में खड़ा है। ऊपर से गेहूं कटाई का सीजन शुरू होने से किसानों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
सामान्य प्रजाति का गन्ना न लेने से क्षेत्र के किसानों मेें आक्रोश पनपता जा रहा है। मिल प्रशासन द्वारा सामान्य प्रजाति का गन्ना न लेने के विरोध में आए दिन तहसील क्षेत्र के किसी न किसी गांव में किसानों की पंचायतें हो रही हैं। सुरेश पाल, हरवीर, जितेंद्र, प्रदीप, रविंद्र, यशवीर तोमर, राजवीर सिंह, जयवीर सिंह तोमर, संजीव का कहना है कि गेहूं कटाई का कार्य शुरू हो गया है, उधर मिल प्रशासन द्वारा सामान्य इंडेट की पर्चियां नहीं भेजी जा रही है। जिस कारण मुश्किलें बढ़ रही हैं। अब भी किसानों के खेतों में 40 प्रतिशत गन्ना खड़ा है। आए दिन गन्ना क्रय केन्द्रों पर किसानों का हंगामा हो रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद न तो मिल प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही जनप्रतिनिधि। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो किसान उग्र आंदोलन शुरू कर देगे।
इस संबंध में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी का कहना था कि मिल प्रशासन व गन्ना विभाग के अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है। उनसे अनुरोध किया जा रहा है कि जब तक खेतों में गन्ना खड़ा है, मिल चालू रहे और सामान्य इंडेट जारी किया जाए।